कोरोना को लेकर जारी लॉकडाउन के बीच झारखंड में BJP विधायक ने जुटाई भीड़, विपक्षियों के निशाने पर आई पार्टी
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम से लेकर खास सभी से सोशल डिस्टेंसिंग और लॉक डाउन के नियमों का पालन करने की बात कही है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के विधायक इस अपील की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
जी हां, झारखंड के धनबाद में भाजपा विधायक राज सिन्हा ने देश में जारी लॉक डाउन की परवाह किए बगैर सैकड़ों लोगों को इकट्ठा कर राहत सामग्री बांटी। वहीं अब इस मामले को लेकर भाजपा विपक्षी पार्टियों के निशाने पर आ गई है।
बता दें, Jharkhand झारखंड मैदान में मोदी आहार वितरण कार्यक्रम के आयोजन के दौरान सैकड़ों गरीबों को बनी-बनाई खाद्य सामग्री बांटी जा रही थी। हालांकि इस कार्यक्रम का आयोजन उस दौरान किया गया जब पूरे देश में लॉक डाउन घोषित किया गया है। ऐसे में बीजेपी विधायक का यह कार्यक्रम आलोचनाओं का शिकार हो रहा है।
प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने की विधायक की आलोचना
भाजपा विधायक के काम की आलोचना करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा की आम आदमी से लेकर हर एक व्यक्ति को आपसी दूरी का ख्याल रखना है। फिर चाहे विशेषाधिकार व्यक्ति हो या वीआईपी हर आदमी को इसका पालन करना है। कानून सबके लिए एक है। कम से कम किसी जनप्रतिनिधि के गलत कार्य की निंदा तो होनी चाहिए।
वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रवक्ता अजय राय ने अपने विधायक की गलती मानने के बजाय सीएम हेमंत सोरेन और सत्तारूढ़ पार्टी जेएमएम को ही अपने निशाने पर ले लिया। अजय राय ने कहा की मुख्यमंत्री खुद आपसी दूरी का पालन नहीं करते, उन्हें कई बार अधिकारियों के बिल्कुल नजदीक देखा गया है, उन्हें कई बार अधिकारियों की कंधे थपथपाते भी देखा जाता है। वे सुरक्षित दूरी का जरा भी ख्याल नहीं रखते, अक्सर उन्हें बिना मास्क पहने भी देखा जाता है। हालांकि हमारी पार्टी के विधायक ने गलती की है तो इस पर गौर जरूर किया जाएगा।
वहीं, भाजपा विधायक द्वारा लॉक डाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर धनबाद के एसडीएम का कहना है की जो भी व्यक्ति सोशल डिस्टेंसिंग और लॉक डाउन का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। बता दें, घटना के सामने आने के बाद भाजपा विधायक घर में कैद है। कई बार कोशिश करने के बावजूद उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा।